अमेठी। पिछले 24 घंटे में जिला प्रशासन को 38 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। रिपोर्ट मिलने के बाद हड़कंप में आए प्रशासन ने पॉजिटिव पाए गए सभी मरीजों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय पर स्थित लेवल-1 अस्पताल भेजते हुए अन्य आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिले के अलग-अलग ब्लॉक में इन दिनों बड़ी संख्या में लोग दूसरे प्रांतों से अपने घर आए हैं। प्रशासन इन लोगों की लगातार सैंपलिंग करा रहा है। पिछले 24 घंटे में जिला प्रशासन को 38 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है।
डीएम अरुण कुमार ने बताया कि सोमवार को कोरोना पॉजिटिव मिले लोग ज़िले के अलग-अलग गांव के रहने वाले हैं। मिले मरीजों में 20 मुंबई, दो चंडीगढ़, तीन सूरत, चार अहमदाबाद व नौ पिछले दिनों दिल्ली से घर आए थे। ग्रामीणों की शिकायत पर सभी की जांच कराई गई थी।
डीएम ने बताया कि सभी मरीजों को जिला मुख्यालय पर स्थित लेवल-1 अस्पताल में भर्ती कर उपचार शुरू करने के बाद संबंधित गांवों में सैनिटाइजेशन समेत अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पिछले 24 घंटे में मिले 38 मरीजों के बाद जिले में अब तक 85 लोग कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं।
पिछले दिनों पॉजिटिव पाए गए पांच मरीजों के उपचार के दौरान स्वस्थ होने के बाद पिछले 24 घंटे में चार और कोरोना मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई। पिछले 24 घंटे में जिन मरीजों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है उनमें तीन मरीज शुकुल बाजार ब्लॉक के बदलगढ़ व एक महिला मरीज गौरीगंज ब्लॉक के रोहसी खुर्द की रहने वाली है।
पांच मरीजों के बाद जिन चार मरीजों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है वे सभी लेवल-1 अस्पताल में भर्ती थे। कुल नौ मरीजों के स्वस्थ होने के बाद जिले में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 71 रह गई है।
पिछले 24 घंटे में मिले 38 मरीजों में जगदीशपुर के चार, गौरीगंज के सात, भेटूआ के चार, शाहगढ़ के दो, मुसाफ़िरखाना के तीन, संग्रामपुर के दो, बाजार शुक्ल के पांच, सिंहपुर के छह, जामों के तीन व अमेठी तथा तिलोई के एक-एक लोग शामिल हैं। 24 घंटे में मिले 38 मरीजों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।