गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना मरीजों की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन इसके बेहतर इलाज का प्रबंध करने में जुटा है। जिला अस्पताल, रेफरल अस्पताल के बाद अब सीएचसी सिंहपुर को 30 बेड का कोविड अस्पताल बनाने की तैयारी है। सोमवार को डीएम ने अफसरों के साथ अस्पताल का निरीक्षण कर जिम्मेदारों को जल्द व्यवस्था दुरुस्त कर अस्पताल का संचालन शुरू करने को कहा है।
जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण तथा भविष्य की संभावना को देखते हुए मरीजों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने की कोशिश जिला प्रशासन ने शुरू कर दी है। शहर स्थित असैदापुर में जिला अस्पताल व तिलोई स्थित रेफरल अस्पताल में 200 बेड का लेबल-1 अस्पताल बनाने के बाद सिंहपुर सीएचसी को भी 30 बेड के कोविड अस्पताल में प्रस्तावित किया गया है।
सोमवार को डीएम अरुण कुमार, एसपी डॉ. ख्याति गर्ग, सीडीओ प्रभुनाथ व सीएमओ डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव के साथ अस्पताल का निरीक्षण किया। दौरान डीएम ने सीएमओ व अस्पताल अधीक्षक को परिसर की साफ-सफाई के साथ कोरोना संक्रमित मरीजों को भर्ती कर बेहतर इलाज के लिए मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया। डीएम ने अस्पताल में मरीजों को भर्ती कर इलाज करने में परेशानी होने तथा वार्ड में मूलभूत सुविधाओं की कमी होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
सीएमओ ने बताया कि असैदापुर स्थित जिला अस्पताल में मंगलवार सुबह तक 22 संक्रमित मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। जिला अस्पताल के अतिरिक्त 200 शैय्या के रेफरल अस्पताल में बेड भर जाने पर सीएचसी में भर्ती किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अन्य अस्पतालों को कोविड मरीजों के इलाज के लिए प्रस्तावित करने की कोशिश चल रही है। इतना ही नहीं मरीजों के बेहतर इलाज के लिए चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी व सफाई कर्मी की ड्यूटी लगाई गई है।