जायस/भाले सुल्तान शहीद स्मारक। जायस कोतवाली में तैनात सिपाही चंदन कनौजिया को एंटी करप्शन ब्यूरो अयोध्या की टीम ने शनिवार को नौ हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपी सिपाही के खिलाफ भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी सरवणन टी ने सिपाही को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार जायस के मोहल्ला कंचाना निवासी गुलजार अहमद के खिलाफ 15 मई को पंजाब नेशनल बैंक की ओर से तोड़फोड़ और अभद्रता की शिकायत दी गई थी। आरोप है कि मामले में राहत दिलाने और दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने के नाम पर सिपाही चंदन कनौजिया ने नौ हजार रुपये की मांग की थी। गुलजार अहमद ने मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो अयोध्या से की।
इसके बाद टीम ने गोपनीय सत्यापन कराया। आरोप सही मिलने पर इंस्पेक्टर संजय सिंह के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। शनिवार दोपहर जगदीशपुर मोड़ स्थित स्लाटर हाउस के पास शिकायतकर्ता ने जैसे ही सिपाही को रुपये दिए, तभी मौजूद टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी में रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी सिपाही को अपने साथ भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाने ले गई, जहां रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। मामले की जांच जारी है।