गौरीगंज (अमेठी)। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित बोर्ड परीक्षा के दौरान सूचनाओं के आदान-प्रदान के साथ ही निगरानी के लिए कंट्रोल रूम का गठन किया गया है। डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम गठन के बाद कर्मचारियों की ड्यूटी लगाते हुए नंबर का प्रचार-प्रसार करने की जिम्मेदारी स्कूल के प्रधानाचार्यों को दी गई है।
आगामी 18 फरवरी से शुरू होने वाली हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे माध्यमिक शिक्षा विभाग ने सचिव के निर्देश पर कंट्रोल रूम का गठन किया है। डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने बताया कि कार्यालय के एक कक्ष में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
कंट्रोल रूम में अनुज कुमार मौर्या, विकास तिवारी, हीरावन लाल व दयाराम की कंट्रोल रूम में ड्यूटी लगाई गई है। नामित कर्मचारी कंट्रोल रूम में शिफ्टवार बोर्ड परीक्षा से जुड़ी सूचनाओं का आदान-प्रदान करते हुए शिकायत का अंकन रजिस्टर में करेंगे। वे प्रति दिन शिकायत निस्तारण की सूचना उच्चाधिकारियों को भी देंगे।
डीआईओएस ने बताया कि कंट्रोल रूम के नंबर 9670064907 व 9451819069 पर कोई भी बोर्ड परीक्षा के दौरान सूचना, शिकायत व जानकारी प्राप्त कर सकता है। परीक्षा अवधि में कंट्रोल रूम लगातार सक्रिय रहेगा। डीआईओएस ने कंट्रोल रूम में नामित कर्मचारियों को तत्काल कंट्रोल रूम सक्रिय करने का निर्देश देते हुए लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।