गौरीगंज/अमेठी। कोरोना संक्रमित मिलने के बाद कंटेनमेंट गांव में बचाव कार्य के साथ डोर स्टेप डिलीवरी की हकीकत परखने के लिए मंगलवार को जिले के सभी एसडीएम अपने क्षेत्र के ऐसे गांवों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सैनिटाइजर छिड़काव, नामित टीम की ओर से किए जा रहे सर्वे की जांच करते हुए ग्रामीणों को कोरोना संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया। एसडीएम ने ग्रामीणों से घरों में रहने व मास्क का प्रयोग करने की अपील की।
कोविड-19 से लोगों को सुरक्षित करने के लिए कोरोना संक्रमित मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार की ओर से गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए गांव को संक्रमण मुक्त बनाने की कोशिश की जा रही है। कंटेनमेंट जोन घोषित गांव में राहत व बचाव कार्य में कर्मियों की ओर से बरती जा रही लापरवाही की लगातार मिल रही शिकायतों पर डीएम ने मंगलवार को सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र के घोषित कंटेनमेंट का स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
डीएम के निर्देश पर एसडीएम गौरीगंज महात्मा सिंह, एसडीएम अमेठी योगेंद्र सिंह, एसडीएम मुसाफिरखाना रामशंकर तथा एसडीएम तिलोई सुनील त्रिवेदी ने अपने तहसील क्षेत्र के ऐसे गांवों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गठित टीम की ओर से की जा रही थर्मल स्क्रीनिंग, सैनिटाइजर छिड़काव व डोर स्टेप डिलीवरी की हकीकत परखी।
इस दौरान एसडीएम ने ग्रामीणों को कोरोना संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि बहुत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने, मास्क का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील की। एसडीएम ने ग्रामीणों से आवश्यक वस्तु को प्राप्त करने में परेशानी होने की दशा में सूचित करने की बात कहते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। एसडीएम ने बताया कि कंटेनमेंट जोन में बचाव कार्य नियमानुसार चल रहा है।