गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना संक्रमित मरीज मिलने के बाद डीएम की ओर से रविवार रात घोषित किए गए जगदीशपुर के निहालगढ़ व औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर 16 के कंटेनमेंट जोन को सोमवार से संक्रमण मुक्त बनाने की कवायद शुरू कर दी गई। घोषित एरिया में स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर संक्रमित के क्लोज कॉन्टेक्ट खंगालने व सैनिटाइजर का छिड़काव करने के साथ ही लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कर परीक्षण कर रही हैं।
पिछले पांच मई से जिले में कोरोना मरीजों के मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार देर शाम आई रिपोर्ट में जगदीशपुर के निहालगढ़ की एक महीला व इंडस्ट्रियल एरिया के सेक्टर 16 में रहने वाले एक युवक कोरोना संक्रमित पाए गए थे। प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद डीएम अरुण कुमार ने दोनों को इलाज के लिए एल-वन हॉस्पिटल असैदापुर भेजते हुए दोनों स्थलों को कंटेनमेेंट जोन घोषित कर दिया।
कंटेनमेंट जोन घोषित करने के बाद डीएम ने गांव में मजिस्ट्रेट के साथ आशा बहू व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के साथ पर्यवेक्षणीय अधिकारी की ड्यूटी लगाई है। नामित टीमें सोमवार को संक्रमित मरीजों के क्लोज कॉन्टेक्ट के साथ उनका नाम, पता, मोबाइल नंबर तथा किसी को भी बुखार, सर्दी, खासी तथा सांस फूलने आदि की समस्या के बारे में पूछने के साथ ही शासन की ओर निर्धारित बिंदुओं पर सभी ग्रामीणों की सूचना डोर-टू-डोर संकलित करने में जुटी रहीं।
गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीमें ग्रामीणों की थर्मल स्क्रीनिंग करने के साथ उनका स्वास्थ्य परीक्षण तो फायर बिग्रेड के साथ सफाई कर्मी गांव को संक्रमण मुक्त बनाने के लिए सैनिटाइजर दवा का छिड़काव करने में पूरे दिन जुटे रहे। इतना ही नहीं गांव की सीमा को सील करते हुए आवागमन को प्रतिबंधित कर दिया गया है। गांव की सीमा पर बने बैरियर पर पुलिस कर्मी अधिकृत लोगों को ही प्रवेश देने के साथ ही माइक से लोगों को अपने घरों में रहने की अपील करने में जुटे हैं। ग्रामीणों को आवश्यक सामग्री की आपूर्ति डोर स्टेप डिलीवरी के माध्यम से हो रही है।