अमेठी सिटी। लखनऊ-वाराणसी रेल खंड स्थित बारामासी बंद समपार पर अंडरपास के निर्माण का कार्य शुक्रवार से शुरू हुआ। कार्यदायी संस्था की ओर से गड्ढा खोदाई का कार्य शुरू किए जाने पर क्षेत्रीय लोगों ने खुशी जताई। बताया कि इस अंडरपास के निर्माण से एक लाख से अधिक की आबादी की आवागमन में होने वाली परेशानी दूर होगी। यह कार्य फिलहाल रेलवे की स्वामित्व वाली जमीन पर शुरू हुआ है, सिंचाई विभाग से एनओसी मिलने का इंतजार है।
रेल मंत्रालय की ओर से अंडरपास निर्माण के लिए नामित दिल्ली की निर्माण संस्था ने मशीनों के माध्यम से रेलवे ट्रैक को सुरक्षित करने का कार्य पहले ही करा लिया है। इसके बाद अब अंडरपास निर्माण के लिए करीब 18 फीट जमीन की खोदाई का कार्य शुरू हुआ है। उक्त बंद समपार के बगल से कोरारी गिरधरशाह माइनर (नहर) भी निकली है। इस नहर पटरी पर ही बारामासी से लेकर कोरारी गिरधरशाह होते हुए सोइया तक सड़क निकलती है।
ऐसे में गड्ढे की खोदाई के लिए नहर पटरी पर बनी सड़क की खोदाई भी होना है। कार्यदायी संस्था की ओर से सड़क व पटरी खोदाई के लिए सिंचाई विभाग से अनुमति मांगी गई है। अभी तक नहर विभाग की ओर से इसे लेकर एनओसी जारी नहीं की गई है। इसके चलते ही निर्माण संस्था ने रेलवे की भूमि पर खोदाई का कार्य शुक्रवार से शुरू करा दिया है।
संस्था के प्रबंधन से जुड़े शिवाकांत ने बताया कि ट्रैक को सुरक्षित करने का कार्य पूरा करने के बाद उत्तरी तरफ से रेलवे की भूमि पर पिलर की खोदाई का कार्य शुरू कराया गया है।
कार्य के दौरान यहां से न गुजरें राहगीर
नॉर्दन रेलवे के आईओडब्ल्यू सौरभ सिंह ने बताया कि बारामासी में अंडरपास निर्माण के लिए रेलवे की भूमि में खोदाई का कार्य शुरू हो गया है। भरोसा जताया कि सिंचाई विभाग से भी मांगी गई एनओसी जल्दी मिल जाएगी। इसके बाद नहर की जद में आ रही भूमि पर भी कार्य शुरू कराया जाएगा। क्षेत्रीय लोगों से अपील की कि जब तक अंडरपास के निर्माण का कार्य चल रहा है, इस तरफ से न गुजरें। जरा सी लापरवाही मात्र से लोग गड्ढे में गिर कर चोटिल हो सकते हैं।