.सिंहपुर के इन्हौना कस्बे में मशाल जुलूस निकाले कांग्रेसी।-संवाद
सिंहपुर (अमेठी)। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के बयान के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार देर शाम इन्हौना कस्बे में मशाल जुलूस निकालकर वोट चोरी का विरोध जताया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रमोहन तिवारी के नेतृत्व में निकाले गए जुलूस में कार्यकर्ताओं ने वोट चोर गद्दी छोड़ो के नारे लगाते हुए कस्बे का भ्रमण किया।
इससे पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता चौधरी वहाज अख्तर के आवास पर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों को वोट चोरी से संबंधित वीडियो दिखाया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष परमानंद मिश्र ने कहा कि लोकसभा में राहुल गांधी ने वोट चोरी के मुद्दे को गंभीरता से उठाया है। उन्होंने कहा कि बिहार के एसआईआर को संस्थागत वोट चोरी बताते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इसके जरिए 65 लाख से अधिक लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए। इसके बावजूद भाजपा ने इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत का उदाहरण है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची में छेड़छाड़ लोकतंत्र के खिलाफ षड्यंत्र है और जनता के अधिकारों का हनन है। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई की जाए। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशाल लेकर विरोध जताया और कस्बे की गलियों में घूमते हुए आवाज बुलंद की। इस मौके पर लतीफ अहमद, दुर्गेश दीक्षित, प्रभात द्विवेदी, सुंदरलाल जायसवाल, चौधरी वहाज, राम प्रसाद गुप्ता, बुग्गी प्रधान और अब्बास फौजी आदि मौजूद रहे। कांग्रेसियों का कहना था कि अगर वोट चोरी पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।