अमेठी सिटी। तेज बारिश के चलते आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सरकारी कार्यालयों, घरों व दुकानों में पानी भर गया है। जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। इससे व्यापार संग कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
मंगलवार सुबह आठ से 10 बजे तक तेज बारिश हुई। कुछ देर के लिए मौसम खुला, लेकिन दोपहर बाद चार बजे फिर बारिश होने लगी। लगभग आधे घंटे तक लगातार बारिश होने से जलभराव की समस्या और बढ़ गई। इसके कारण जिला मुख्यालय स्थित सीएमओ कार्यालय परिसर, सहकारिता आयुक्त कार्यालय परिसर, जिला अस्पताल के मुख्य गेट, जीजीआईसी मोड़, अमेठी गौरीगंज मार्ग स्थित कटरा लालगंज, सरैंया गांव संपर्क मार्ग, सैठा रेलवे क्राॅसिंग मार्ग, वार्ड नंबर 16, 18 व चौक बाजार से जगदीशपुर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर जलभराव हो गया।
वहीं अमेठी स्थित बस स्टेशन, जूनियर हाईस्कूल परिसर, पशु चिकित्सालय, तहसील, कोतवाली, डाकघर, रजिस्ट्री ऑफिस, रामलीला मैदान, एसडीएम काॅलोनी और देवीपाटन मंदिर परिसर में पानी भर गया। कालिकन धाम अंडरपास में भी काफी पानी भर गया। इसकी वजह से स्थानीय लोगों व राहगीरों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी। जगदीशपुर के पालपुर मार्ग पर बारिश के चलते एचडीएफसी बैंक, सेंट्रल बैक के सामने व कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति दिखी। इसके अलावा अन्य कस्बों व गांवों में भी जलभराव के कारण लोगों को परेशानी हुई।
मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल से अब तक 506.5 मिलीमीटर बारिश के सापेक्ष 373.8 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो 26 फीसदी कम है। पिछले 24 घंटे में 3.4 मिलीमीटर बारिश हुई है। गोमती का जलस्तर खतरे के निशान से 3.620 मीटर नीचे है। मौसम वैज्ञानिक अमरनाथ मिश्र के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 26.0 डिग्री सेल्सियस रहा। आगामी 24 घंटे में हल्के बादल छाए रहने व बारिश होने की संभावना है।