अमेठी सिटी। फसलों की बोआई का सीजन चल रहा है, लेकिन किसान खेती छोड़कर खाद के लिए भटक रहे हैं। पूरे जिले में डीएपी की किल्लत किसानों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। शनिवार को जिला युवा कांग्रेस के बैनर तले पदाधिकारी व कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन पर उतर आए। कार्यकर्ताओें ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर तहसीलदार को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। मांग की है कि किसानों को डीएपी मुहैया कराने के साथ ही नैनो उर्वरक लेने की बाध्यता समाप्त की जाए।
नवंबर में इन दिनों गेहूं बोआई के समय किसान डीएपी न मिलने से परेशान हैं। शनिवार को जिला युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शुभम सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। कार्यकर्ताओ ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि वर्तमान में रबी फसलों की बोआई का समय चल रहा है, जिसके लिए डीएपी खाद की आवश्यकता होती है, लेकिन किसानों को डीएपी नहीं मिल रही है।
सिर्फ दो बोरी खाद दी जा रही है। उसमें भी नैनो उर्वरक लेने की बाध्यता शामिल है। ऐेसे में किसान मजबूरी में बिना खाद के फसलों की बोआई कर रहे हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि अगर समय पर खाद उपलब्ध नहीं हुई तो सभी कांग्रेसी किसानों के हित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर आशीष सिंह, सौरभ सिंह, मोहम्मद आलम, दुर्गेश सिंह व शुभम तिवारी आदि मौजूद रहे।