अमेठी सिटी। औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर में यूपीसीडा आवासीय काॅलोनी की 16 बदहाल सड़कों का निर्माण 1.71 करोड़ रुपये से किया जाएगा। करीब दो दशक से ज्यादा पुरानी सड़कों के निर्माण के लिए स्थानीय लोगों ने कई बार शासन-प्रशासन से मांग की थी, जिसमें अब सड़कों का निर्माण शुरू करा दिया गया है। इससे लोगों का आवागमन आसान हो जाएगा।
यूपीसीडा आवासीय कॉलोनी के लगभग 1200 मकानों में 10 हजार से ज्यादा लोग रहते है। आवासीय कॉलोनी की यूनियन उत्थान समन्वय समिति के कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि कॉलोनी में आवागमन के लिए करीब 100 से अधिक मार्ग हैं। इन सड़कों का निर्माण वर्ष 2002 में किया गया था, जिसके बाद धीरे-धीरे सड़कों की हालत खराब होती गई। सड़कें बदहाल हो गई हैं। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। ऐसे में अब सड़कों के निर्माण से समस्या कम हो जाएगी।
वरिष्ठ नागरिक जन कल्याण समिति के अध्यक्ष रामचंद्र यादव ने सड़क के निर्माण के लिए कई बार आवाज उठाई, जिसमें सड़क, नाली, सफाई आदि मुद्दों पर अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। फिलहाल आवासीय कॉलोनी में यूपीसीडा यानी उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण की ओर से सड़क निर्माण के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। यूपीसीडा के अवर अभियंता रमेश चंद्र निगम ने बताया कि इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया गतिमान है। शीघ्र ही कार्य शुरू किया जाएगा। यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक अजय यादव ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों व अन्य जरूरतों को पूरा किया जा रहा है।
करीब पांच किमी सड़क का होगा निर्माण
जगदीशपुर की यूपीसीडा आवासीय कॉलोनी में करीब पांच किमी सड़क का निर्माण कार्य किया जाएगा। जिसमें सड़क संख्या 15, 30, 31, 40, 41, 42, 43, 44, 47, 48, 50, 51, 53, 54, 55, 56 आदि का निर्माण कार्य किया जाएगा। सभी सड़कों की लंबाई 100 से 200 मीटर तक की है। जिसमें यूपीसीडा की ओर से इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा। जिससे बरसात के दिनों में जलभराव से सड़क खराब होने की स्थिति नहीं आने पाए। सड़कों के निर्माण में कुल एक करोड़ 71 लाख 89,306 रुपये प्रस्तावित धनराशि है। वहीं इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन अमेठी के जिलाध्यक्ष हेमंत विक्रम सिंह का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में विभिन्न समस्याओं के बारे में अधिकारियों को समय-समय पर अवगत कराया जा रहा है।
नाली व सफाई की स्थिति भी खराब
औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर की आवासीय कॉलोनी में निकासी नाली व सफाई व्यवस्था की हालत भी बेहद खराब है। जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोग चंदा एकत्र कर सफाई व अन्य व्यवस्था का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन व यूपीसीडा से व्यवस्था बेहतर करने की मांग की है।