गौरीगंज (अमेठी)। कोविड संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए वैक्सीनेशन कराने को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में बैठक करने के बाद कलेक्ट्रेट पहुंच एडीएम को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में कोविड वैक्सीन की कीमत तय करते हुए आम नागरिकों को निशुल्क वैक्सीन लगाने की मांग की है।
कोरोना संक्रमण से आम नागरिकों को समय से कोविड वैक्सीन लगवाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को सड़क पर उतर आए।
केंद्र सरकार की अलग-अलग राज्यों को अलग-अलग कीमतों पर वैक्सीन देने का विरोध करते हुए कार्यकर्ताओं ने शहर स्थित पार्टी कार्यालय में विरोध प्रदर्शन की रणनीति तैयार की।
कार्यालय से निकल कर कलेक्ट्रेट पंहुचे कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल की अगुवाई में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एडीएम सुशील प्रताप सिंह को सौंपा।
ज्ञापन में हर नागरिक का यूनिवर्सल मुक्त वैक्सीनेशन कराने की मांग करते हुए केेंद्र सरकार को स्वयं क्रय करते हुए राज्यों को निशुल्क आपूर्ति करने की मांग की है।
कार्यकर्ताओं ने दूसरी लहर में वैक्सीनेशन के अभाव में हुई मौतों का जिम्मेदार केंद्र सरकार की बताते हुए कि केंद्र सरकार की नीति का परिणाम है कि कोविड वैक्सीनेशन के नाम पर निजी अस्पताल मरीजों को लूट रहे हैं।
ज्ञापन में सभी नागरिकों का समय से निशुल्क कोविड वैक्सीनेशन कराने की मांग करते हुए आम नागरिकों का जीवन कोविड संक्रमण से बचाने की बात कही है।
इस मौके पर पूर्व विधायक राधेश्याम धोबी, डॉ. अरविंद चतुर्वेदी, राजकरन तिवारी, शत्रुघ्न सिंह व रामबरन कश्यप समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे।