तिलोई। राजकीय मेडिकल कॉलेज तिलोई के हड्डी रोग विभाग ने एक जटिल ऑपरेशन कर संक्रमित हड्डी का सफल उपचार किया है। सुल्तानपुर के बिजेथुआ निवासी राजकुमार की सड़क दुर्घटना में टांग और हाथ की हड्डियां टूट गई थीं। प्रारंभिक उपचार के दौरान डाली गई रॉड में संक्रमण हो गया था, जिससे दिक्कत हो रही थी।
परिजनों के अनुसार कई स्थानों पर उपचार के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद मरीज को तिलोई मेडिकल कॉलेज लाया गया। हड्डी रोग विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. पी विजय कुमार की देखरेख में मरीज को भर्ती किया गया। जांच के बाद संक्रमित रॉड निकालकर एंटीबायोटिक, सीमेंट और नायल मिश्रित विशेष रॉड डाली गई। प्रो. डॉ. पी विजय कुमार ने बताया कि यह हड्डी के अंदर संक्रमण नियंत्रित करने की प्रभावी प्रक्रिया है। संक्रमण पूरी तरह नियंत्रित होने के बाद दूसरी रॉड डालकर हड्डी को जोड़ा जाएगा। उन्होंने इसे जटिल ऑपरेशन बताया।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. योगेश यादव ने बताया कि हड्डी रोग विभाग पहले भी कई जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर चुका है। ऑपरेशन टीम में डॉ. अरविंद यादव, डॉ. वीरेंद्र कुमार, ओटी तकनीशियन प्रत्युष, डॉ. सौम्या और डॉ. शालिनी शामिल रहीं।