अमेठी सिटी। जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित एक निजी मैरिज लॉन में सोमवार को बसपा की जिला व विधानसभा क्षेत्र कमेटियों की बैठक हुई। पार्टी जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार व बामसेफ जिला संयोजक संजीव भारती ने जिले की चारों विधानसभाओं में जोनवार संगठन के कार्यों की समीक्षा की।
इसके बाद पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को 10 दिन में संगठन का कार्य पूरा करने और 28 जून को प्रस्तावित प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल के कार्यक्रमों की तैयारी के निर्देश दिए। पहली समीक्षा बैठक में पहुंचे नवनियुक्त मंडल प्रभारी शिवराम कोरी का पदाधिकारियों ने माला पहना कर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत कर हमें आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की सरकार बनानी है।
जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार ने बताया कि 28 जून को अमेठी, 29 को गौरीगंज, 30 जून को जगदीशपुर और एक जुलाई को तिलोई विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश अध्यक्ष सेक्टर और बूथ कमेटियों के पुनर्गठन की समीक्षा करेंगे। इस दौरान जिला महामंत्री सरवन कुमार यादव, राम अभिलाष बौद्ध, केपी सविता, लक्ष्मण प्रसाद, विजय गौतम, विजय प्रजापति आदि मौजूद रहे।