समाधान दिवस में शिकायत सुनते अफसर
अमेठी सिटी। भूमि विवाद सहित अन्य शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापरक ढंग से निस्तारित करवाने के लिए शनिवार को सभी थानों पर समाधान दिवस आयोजित हुआ। रामगंज में डीएम निशा अनंत व एसपी अनूप सिंह ने फरियादियों की शिकायतों की सुनवाई की।
गौरीगंज में तहसीलदार नरेंद्र बहादुर ने शिकायतों की सुनवाई करने के बाद निस्तारण के लिए संयुक्त टीम रवाना किया। इसी तरह सभी थानों पर फरियादियों के शिकायत की सुनवाई की गई।
गौरीगंज थाना परिसर समय 12:20 बजे तहसीलदार सुनवाई कर रहे थे। इसी बीच पूरे हेमनाथ मजरे टिकरिया गांव काशी नरेश पांडेय पेश हुआ। कहा कि साहब सार्वजनिक रास्ता नहीं होने से आवागमन में ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। कुछ दिन पहले ग्राम प्रधान ने रास्ता बनवाया भी लेकिन कुछ लोगों ने उसे बंद कर दिया। जून से प्रार्थना पत्र दे रहा हूं लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
तहसीलदार ने संयुक्त टीम गठित कर रवाना किया। पूरे कप्तन टिकरिया की ही रहने वाली सुत्रिता पेश हुई कहा कि साहब निजी भूमि पर कुछ लोग निर्माण कार्य नहीं करने दे रहे है। टीम रवाना कर निरस्तारण करने को कहा है। गौरीगंज के गुवावां गांव निवासी मो तहां ने कहा कि उसकी भूमि का सुलहनामा पहले हो चुका है। लेकिन अब कुछ लोग उसकी भूमि पर जबरन करना चाह रहे है। इस मामले में निस्तारण के लिए संयुक्त टीम रवाना की।
नहीं मिल रहा कब्जा
भादर (अमेठी)। रामगंज थाना समाधान दिवस पर डीएम अमेठी निशा अनंत व पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के सामने पेश हुए नरहरपुर गांव निवासी सुरेश यादव ने कहा कि बैनामे की जमीन पर गांव के कुछ लोग कब्जा करने नहीं दे रहे हैं। कहा कि जमीन की पैमाइश भी हो गई है। हल्का लेखपाल से लेकर थाना समाधान दिवस ,तहसील दिवस, एसडीएम, डीएम सहित अधिकारियों कर्मचारियों से दस बार शिकायत कर चुके है लेकिन समस्या का हल नहीं निकला। सुनवाई के बाद डीएम ने तहसीलदार गांव पहुंच जांच कर शिकायत का निरस्तारण करने को कहा।