अमेठी सिटी। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से सलोन-जायस-जगदीशपुर हाईवे, एनएच 931 ए के चौड़ीकरण में अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे का वितरण शुरू हो गया है। जिले की तीन तहसीलों के 18 गांवों की 27.23 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत की गई है। किसानों को 54.10 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाना है।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से सलोन-जायस-जगदीशपुर हाईवे, एनएच 931 ए का करीब 970 करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण होगा। इस पर जायस में करीब 3.5 किमी. तो नसीराबाद कस्बे में करीब 2.7 किमी. बाईपास बनेंगे। इस हाईवे का 25 किमी. हिस्सा रायबरेली में तो 29.5 किमी. अमेठी जनपद में पड़ता है। अभी उक्त हाईवे 54.5 किलोमीटर लंबा तथा सात मीटर चौड़ा है। जिला प्रशासन और एनएच की ओर से अधिग्रहीत भूमि के मुआवेज का वितरण शुरू करा दिया गया है। एनएच सुल्तानपुर के एक्सईएन विकास सिंह ने बताया कि एनएच-931ए में अधिग्रहीत की गई भूमि का मुआवजा बंटने लगा है। करीब 14 करोड़ रुपये का मुआवजा बांटा जाना है। प्रयास होगा कि मुआवजा वितरण का कार्य जल्दपूरा करा लिया जाए।
इन गांवों से ली गई जमीन
तहसील मुसाफिरखाना के गांव मरौचा तेतारपुर, मोहम्मदपुर, बाबूपुर सरैया, और खैपुर में भूमि अधिग्रहण हुआ है। गौरीगंज तहसील के वर्रा, बहद, हरकनपुर, पूरे चितई, पूरे अल्पी मिश्रा, जनापुर, गौतमपुर, दखिनवारा, मझगवां, चिटहुला, गोरियाबाद गांव हैं। तहसील तिलोई के चकताहिरपुर, बेहटामुर्तुजा, बहादुरपुर जायस में भूमि अधिग्रहित की गई है।