अमेठी सिटी। कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति बंद होने से होटल, ढाबा और सड़क किनारे सस्ते दाम पर भोजन उपलब्ध कराने वाले दुकानदारों के सामने रोजी का संकट खड़ा हो गया है। जिले में करीब पांच हजार छोटे-बड़े कारोबारी कॉमर्शियल गैस सिलिंडर पर निर्भर हैं। गैस न मिलने से कई प्रतिष्ठानों का काम प्रभावित होने लगा है।
गौरीगंज बाजार के सुरेंद्र कुमार ने बताया कि कॉमर्शियल सिलिंडर न मिला तो कामकाज बंद होने की स्थिति बन जाएगी। दुकान बंद होने पर परिवार का खर्च चलाना कठिन हो जाएगा। ऐसे हालात में कई छोटे कारोबारियों के सामने रोजी-रोटी की समस्या खड़ी हो सकती है।
होटल संचालक राकेश गुप्ता ने बताया कि दुकान का पूरा काम कॉमर्शियल गैस सिलिंडर पर चलता है। गैस न मिलने पर भोजन बनाना मुश्किल हो जाएगा। मिठाई कारोबारी अनिल अग्रवाल ने बताया कि इस समय विवाह समारोह अधिक हो रहे हैं। सिलिंडर न मिलने से उत्पादन प्रभावित होगा।
चाय-नाश्ता दुकान चलाने वाले राजू यादव ने कहा कि रोज गैस की जरूरत रहती है। समय पर सिलिंडर न मिलने पर दुकान चलाना कठिन हो जाएगा। रेस्टोरेंट संचालक मोहम्मद शकील ने बताया कि आपूर्ति जल्द शुरू न हुई तो कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
व्यापारियों के अनुसार जिले में बड़ी संख्या में होटल, ढाबा और खाद्य प्रतिष्ठान कॉमर्शियल गैस सिलिंडर से चलते हैं। आपूर्ति बंद होने से बाजार की गतिविधियों पर असर पड़ रहा है। गैस एजेंसी से जुड़े लोगों का कहना है कि मांग अधिक और आपूर्ति बाधित रहने से परेशानी बढ़ सकती है।