अमेठी सिटी। फुरसतगंज क्षेत्र से गुजरने वाले पीढ़ी-मजीठा संपर्क मार्ग पर बिछी गिट्टियों से ग्रामीण आवागमन करने में परेशान थे। लोकनिर्माण की मांग पर शासन ने सड़क पर लेपन कार्य के लिए अंतिम किस्त जारी कर दी है। फुरसतगंज क्षेत्र से गुजरने वाला पीढ़ी-मजीठा संपर्क मार्ग काफी जर्जर हो गया था। विभाग ने 94.38 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था। कार्यदायी संस्था ने निर्माण कार्य शुरू किया, लेकिन गिट्टी बिछाने का काम पूरा होने तक आवंटित धनराशि समाप्त हो गई। बरसात होने से लेपन का काम बंद पड़ गया। शासन ने अंतिम किश्त 10.50 लाख रुपये अवमुक्त कर दिया। उम्मीद है कि बरसात बंद होते ही मार्ग का लेपन कार्य पूरा होगा। अधिशासी अभियंता रमेश चंद्र ने बताया कि जल्द ही मार्ग का लेपन कार्य पूरा करवाते हुए लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से निजात दिलाई जाएगी।