गौरीगंज (अमेठी)। जिले में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास निर्माण की प्रगति बहुत ही खराब है। स्थिति यह है कि अभी पिछले वित्तीय वर्ष 2020-21 के 24 पीएम आवास तो वित्तीय वर्ष 2021-22 में पीएम आवास के 64 तो सीएम आवास के आठ आवास अधूरे पड़े हैं।
मालूम रहे कि 2020-21 में प्रधानमंत्री योजना के 16,499 आवास स्वीकृत हुए थे। इसके सापेक्ष अब तक 16,475 आवास ही पूर्ण हो सके हैं। इसी तरह वित्तीय वर्ष 2021-22 में पीएम आवास में 11,238 आवास स्वीकृत हुए थे। इसके सापेक्ष अब तक महज 11,174 आवासों का निर्माण पूरा हो सका है। इसी वित्तीय वर्ष में मुख्यमंत्री आवास योजना में 1542 आवास स्वीकृत हुए थे। इसमें अब तक 1538 आवास का निर्माण हो सका है।
निर्माण कार्य पूरा कराने वाले जिम्मेदारों की बात करें तो यह उनकी उदासीनता का ही परिणाम है। परियोजना निदेशक आशुतोष दुबे के मुताबिक नियमित रूप से समीक्षा कर आवास निर्माण पूरा कराने का निर्देश दिया जाता है। कहा कि कइयों को नोटिस जारी करते हुए चेतावनी भी दी जा चुकी है।
अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं होने पर किसी भी जिम्मेदार पर कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई है। ऐसे में जिम्मदार अफसरों की ओर से दिए जा रहे निर्देशों व चेतावनी पत्रों का कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। संवाद