अमेठी सिटी। जिले में लगातार तीसरे दिन भी झमाझम बारिश का इंतजार बना रहा। रविवार को गौरीगंज समेत कुछ स्थानों पर बादल छाए और छिटपुट बारिश और बूंदाबांदी हुई, लेकिन इससे गर्मी और उमस से राहत नहीं मिली। बारिश के कुछ देर बाद ही धूप निकलने से उमस और बढ़ गई। दिनभर लोग पसीने से परेशान रहे। मौसम वैज्ञानिक ने अगले 24 घंटे में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई है।
सुबह आसमान में बादल छाए रहने से लोगों को अच्छी बारिश की उम्मीद जगी। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन तेज बारिश नहीं हुई। थोड़ी देर बाद धूप निकलने से मौसम फिर गर्म हो गया। पंखे और कूलर चलने के बावजूद घरों में उमस से राहत नहीं मिली। बाजार और सड़कों पर निकले लोगों को भी गर्मी का सामना करना पड़ा।
गौरीपुर निवासी कपिल ने बताया कि दिनभर उमस के कारण घर में बैठना मुश्किल हो रहा है। कटरा लाल निवासी मीना ने बताया कि उमस के कारण बच्चों और बुजुर्गों को अधिक परेशानी हो रही है। रात में भी गर्मी से चैन नहीं मिल रहा है।
पर्याप्त बारिश नहीं होने से ग्रामीण क्षेत्रों में किसान भी परेशान हैं। धान की फसल के लिए खेतों में पर्याप्त नमी नहीं बन पा रही है। किसानों को फसल बचाने के लिए सिंचाई पर निर्भर रहना पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्रा के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे में हल्के से मध्यम बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।