निर्माणाधीन फ्लाईओवर के दोनों तरफ सर्विस रोड की चौड़ाई को लेकर मतभेद
संवाद न्यूज एजेंसी
अमेठी। ककवा रोड स्थित रेलवे क्राॅसिंग पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को व्यापारियों ने फ्लाईओवर के दोनों तरफ बनने वाली सर्विस रोड की चौड़ाई पर सवाल खड़ा किया। इस दौरान व्यापारियों और सेतु निगम एई के बीच नोकझोंक हुई।
शहर के ककवा रोड़ स्थित रेलवे क्रासिंग पर फ्लाईओवर निर्माणाधीन है। निर्माणाधीन फ्लाईओवर की समस्याएं थमने का नाम नहीं ले रही है। कभी चिन्हित भूमि खाली नहीं होने, कभी नाली निर्माण व विद्युत लाइन शिफ्टिंग तथा सर्विस रोड निर्माण की समस्या को लेकर आए दिन व्यापारियों अधिकारियों कर्मचारियों की तकरार होती रहती है। सोमवार को फ्लाईओवर का कार्य चल रहा था इसी दौरान मौके पर पहुंचे नितिन भालोठिया समेत अन्य व्यापारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि पश्चिमी ओर साढ़े चार मीटर की सर्विस रोड तो पूर्वी ओर पौने 4 मीटर ही सर्विस रोड बनाई जा रही है। जिसके कारण पूर्वी ओर निर्मित होने वाले सर्विस रोड की चौड़ाई कम होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। सूचना पर पहुंचे सेतु निगम एई एसडी यादव से व्यापारियों की तकरार हुई। व्यापारियों ने एई से दोनों तरफ सर्विस रोड की चौड़ाई बराबर करने की मांग उठाई है। जिससे स्थानीय लोगों एवं राहगीरों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। एई ने मामले की जानकारी एसडीएम को दी। जिस पर एसडीएम ने मौके पर सेतु निगम और पुलिस फोर्स भेज कर मौके पर निस्तारण कराया।
वर्जन
सर्विस रोड की चौड़ाई को लेकर मामला सामने आया था। सेतु निगम के अधिकारियों और पुलिस फोर्स को मौके पर भेजकर निस्तारण कराया गया है सर्विस रोड मैप के हिसाब से बनाने का निर्देश दिया गया है।
प्रीति तिवारी एसडीएम अमेठी