जीजीआईसी जगदीशपुर में पोस्टर दिखातीं छात्राएं। स्रोत: सूचना विभाग
अमेठी सिटी। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं में शुक्रवार को विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। पेंटिंग व पोस्टर के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सरोकार और जनकल्याण का संदेश दिया। निबंध लेखन व भाषण प्रतियोगिताओं में विभिन्न विषयों पर विचार रखे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पेंटिंग एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं कराई गईं। राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेजों में पेंटिंग के साथ निबंध लेखन व भाषण प्रतियोगिताएं हुईं। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। शिक्षकों ने बच्चों को सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना अपनाने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों के अनुसार ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश द्विवेदी ने बताया कि माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने प्रभावी ढंग से विचार प्रस्तुत किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पेंटिंग एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित कराई गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।