अमेठी बीआरसी पर आयोजित बाल उत्सव में प्रमाणपत्र के साथ छात्र-छात्राएं।
अमेठी सिटी। परिषदीय उच्च विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में संचालित मीना मंच कार्यक्रम के अंतर्गत बृहस्पतिवार को बच्चों में समता का भाव विकसित करने, उनके भीतर आए सकारात्मक बदलाव और सफलता के प्रयासों को साझा करने के लिए बीआरसी परिसर में बाल उत्सव का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में प्रत्येक विकास क्षेत्र के पांच-पांच मॉडल मीना मंच विद्यालयों से दो-दो बच्चों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में बच्चों ने मीना मंच के माध्यम से अपने जीवन में आए बदलाव की कहानियों को साझा किया। इसके साथ ही कॉमिक बुक निर्माण जैसी रोचक गतिविधियां भी आयोजित की। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक अपनी कहानियां प्रस्तुत कीं और कॉमिक बुक के माध्यम से अपनी छिपी प्रतिभाओं को अभिव्यक्त करने का प्रयास किया। साथ ही, विद्यालयों में संचालित सेल्फ एस्टीम और मीना मंच गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के सपनों और आकांक्षाओं का जश्न मनाने, उन्हें पोषित करने और उनके सफल प्रयासों को साझा किया गया।
कहानी प्रस्तुति एवं कॉमिक बुक निर्माण प्रतियोगिता में पांच-पांच सर्वश्रेष्ठ बच्चों का चयन किया गया। बीईओ पूजा सिंह ने सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किया। उन्होंने बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा की। बीईओ हरिओम तिवारी ने बच्चों को मीना मंच से प्राप्त शिक्षाओं को दैनिक जीवन में उतारने और विद्यालयों में हो रहे अच्छे कार्यों को जन सामान्य तक पहुंचाने की बात कही। जिला समन्वयक श्याम सुंदर श्रीवास्तव ने सभी बच्चों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन गरिमा यादव और बच्चाराम वर्मा ने किया। इस दौरान प्रमोद तिवारी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।