शाहगढ़ के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय पश्चिम दुआरा में आयोजित रूम टू रीड कैंप में बच्चों को पढ़ा
शाहगढ़। पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय पश्चिम दुआरा में गर्मी की छुट्टियों के दौरान विशेष समर कैंप का आयोजन किया गया। विद्यालय के सहयोग से वैश्विक संस्था रूम टू रीड की ओर से आयोजित शिविर में 40 से अधिक छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य बच्चों की पठन रुचि बढ़ाने और छुट्टियों में भी उन्हें सीखने की प्रक्रिया से जोड़े रखना था।
शिविर में बच्चों ने अपनी पसंदीदा पुस्तकें पढ़ीं और कहानियों पर चर्चा की। कहानी के पात्रों और दृश्यों पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने आकर्षक चित्र बनाकर प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनके मानसिक और शारीरिक विकास के लिए विभिन्न मनोरंजक खेल भी कराए गए।
अभिभावकों ने भी बच्चों के साथ मिलकर मिट्टी के खिलौने, मूर्तियां और रंग-बिरंगे कागज व पत्तियों से कलाकृतियां तैयार कीं। कुछ बच्चों ने सिलाई और डिजाइनिंग का हुनर भी प्रदर्शित किया। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को बच्चों की शैक्षणिक प्रगति और विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी दी गई। रूम टू रीड के सदस्यों ने पैरेंट्स कैलेंडर और डिजिटल लाइब्रेरी टूल लिटरेसी क्लाउड के बारे में भी जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन दुर्गेश तिवारी और सुनील सिंह ने किया। शिवरि को सफल बनाने में प्रधानाध्यापक रामकुमार सिंह और शिक्षक कुंवर बहादुर सिंह का विशेष सहयोग रहा।