मुंशीगंज। मुसवापुर-सुमरेपुर मार्ग के पास रविवार रात बाइक की टक्कर से साइकिल सवार मामा और भांजा जख्मी हो गए। सोमवार सुबह सुल्तानपुर जिला अस्पताल में बालक की मौत हो गई जबकि मामा को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। परिजनों की तहरीर पर बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
मनीरामपुर गांव निवासी आशीष शर्मा ने बताया कि उनका पुत्र ऋषभ शर्मा (8) और उसके मामा कृष्णा शर्मा (15) रविवार देर शाम अलग-अलग साइकिल से सुमेरपुर गांव सामान लेने गए थे। दोनों लौट रहे थे कि तभी मुसवापुर-सुमरेपुर मार्ग के पास उनकी साइकिलें बाइक की चपेट में आ गईं। हादसे में ऋषभ और कृष्णा दोनों घायल हो गए और चालक बाइक सहित मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर ने ऋषभ की हालत गंभीर देख उसे सुल्तानपुर जिला अस्पताल रेफर किया, जहां उसकी मौत हो गई।
इंस्पेक्टर शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के पिता आशीष की तहरीर पर सुमेरपुर गांव निवासी विनोद के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। विनोद की तलाश जारी है।
इकलौते बेटे की मौत से मां को लगा सदमा, पिता गमगीन
ऋषभ की मौत के बाद उसकी मां प्रतिभा का रो-रोकर बुरा हाल है। वह लगातार कह रही थी कि कोई उसका बेटा वापस दिला दे। पिता आशीष भी इकलौते बेटे की मौत से गमगीन दिखे। चाचा मनीष कुमार, सुनील कुमार, बुआ ममता और दादी गीता शर्मा भी फफक-फफक कर रो रही थीं। रिश्तेदार और ग्रामीण सांत्वना देने में जुटे रहे।