जिला अस्पताल के पंजीकरण काउंटर पर्ची कटवाने के लिए लगी मरीजों की लंबी कतार। -संवाद
अमेठी सिटी। मौसम के लगातार बदलते मिजाज ने लोगों की सेहत बिगाड़नी शुरू कर दी है। जिले में बुखार, जुकाम और सांस संबंधी बीमारियों के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लंबी कतार लगी रही। 105 नए मरीज इलाज के लिए पहुंचे, जिनमें बड़ी संख्या वायरल बुखार और जुकाम से पीड़ित लोगों की रही।
अस्पताल में बुखार के 713, खांसी के 131 और सर्दी-जुकाम के 192 मरीज दर्ज किए गए। इसके अलावा 97 मरीज पेट दर्द, 89 दस्त से पीड़ित मिले। पूरे गोपाल गांव निवासी राम खेलावन ने बताया कि मौसम बदलने के बाद जुकाम होने के साथ सांस लेने में दिक्कत बढ़ गई है। वहीं गौरीगंज निवासी सर्वेश कुमार कई दिनों से बुखार से परेशान थे। जांच में टाइफाइड के लक्षण मिलने पर चिकित्सकों ने दवा के साथ खानपान में सावधानी बरतने की सलाह दी।
फिजिशियन डॉ. अमित यादव ने बताया कि तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। लोगों को धूप और ठंड से बचने, साफ पानी पीने और बाहर का भोजन कम करने की सलाह दी गई है।
बच्चे भी आ रहे बुखार की चपेट में
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राम विलास के अनुसार बदलते मौसम का असर बच्चों पर भी तेजी से पड़ रहा है। अस्पताल में बुखार, खांसी और जुकाम से पीड़ित बच्चों की संख्या बढ़ी है। चिकित्सकों ने अभिभावकों को बच्चों को धूप और धूल से बचाने, ठंडी चीजों से परहेज कराने और सफाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी है।