अमेठी सिटी। मौसम के लगातार बदलते मिजाज ने लोगों की सेहत बिगाड़नी शुरू कर दी है। जिला अस्पताल में बुधवार को उल्टी-दस्त, पेट दर्द और बुखार से पीड़ित मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। ओपीडी से लेकर इमरजेंसी तक मरीजों और तीमारदारों की लंबी कतारें लगी रहीं। हालत यह रही कि उल्टी-दस्त और पेट दर्द से पीड़ित पांच मरीजों को इमरजेंसी में भर्ती करना पड़ा। चिकित्सकों के अनुसार, तापमान बढ़ने के साथ संक्रमण का खतरा और बढ़ सकता है।
सुबह से ही जिला अस्पताल के पर्ची काउंटर पर मरीजों की भीड़ लगी रही। ओपीडी में कुल 1029 मरीज पहुंचे। फिजीशियन की ओपीडी में करीब 40 फीसदी मरीज पेट दर्द, उल्टी और दस्त जैसी शिकायत लेकर पहुंचे। इनमें बच्चों और बुजुर्गों की संख्या सबसे ज्यादा रही। गौरीगंज निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम से उल्टी और तेज पेट दर्द की शिकायत होने लगी थी।
हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां इमरजेंसी में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों ने दवा के साथ साफ-सफाई और खानपान में सावधानी बरतने की सलाह दी। दीनापुर निवासी कमला देवी अपने पांच वर्षीय बेटे अंशु को लेकर अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने बताया कि सुबह से बच्चे को लगातार दस्त हो रही थी। परचा बनवाने के बाद काफी देर तक लाइन में लगना पड़ा। वहीं, दरपीपुर निवासी मनोज कुमार ने बताया कि दो दिनों से बुखार और पेट दर्द बना हुआ है।
दवा खाने पर थोड़ी राहत मिलती है, लेकिन फिर परेशानी शुरू हो जाती है। बालरोग विशेषज्ञ डॉ. लईक उज जमा ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण बच्चों में सर्दी, जुकाम, बुखार और उल्टी-दस्त के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने लोगों को बाहर का खाना खाने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और बच्चों को तेज धूप से बचाने की सलाह दी है।