अमेठी। बार एसोसिएशन अमेठी के चुनाव में रिकाउंटिंग को लेकर जारी विवाद ने सोमवार को नया मोड़ ले लिया। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन एडवोकेट दयाशंकर शुक्ल ने बार एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष और सचिव को इस्तीफा भेज दिया। त्यागपत्र की प्रतियां तहसील परिसर में लगाए जाने से अधिवक्ताओं में हड़कंप मच गया।
अधिवक्ताओं को उम्मीद थी कि चेयरमैन सोमवार को आकर विवाद पर निर्णय देंगे, लेकिन उनके इस्तीफे से मामला और उलझ गया। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सदाशिव पांडेय ने कहा कि चेयरमैन ने पहले लिखित में प्रत्याशी को संतुष्ट करने की बात कही थी, मगर अब पीछे हट गए। उन्होंने कहा कि जब तक निष्पक्ष तरीके से रिकाउंटिंग नहीं कराई जाएगी, वह परिणाम स्वीकार नहीं करेंगे।
कार्यवाहक सचिव उपेंद्र शुक्ल ने बताया कि चेयरमैन ने पत्र में अधिक उम्र और स्वास्थ्य कारणों से कार्य करने में असमर्थता जताई है। उनका त्यागपत्र स्वीकार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पांच सदस्यीय समिति में से केवल चेयरमैन ने इस्तीफा दिया है। बाकी सदस्य अपने पद पर बने हुए हैं।
उपेंद्र शुक्ल ने कहा कि एक पक्ष रिकाउंटिंग की मांग पर अड़ा है, जबकि दूसरा पक्ष बार काउंसिल से लिखित आदेश प्राप्त कर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाने की मांग कर रहा है। अब निर्णय सदन में वैधानिक प्रक्रिया के तहत लिया जाएगा। कार्यवाहक अध्यक्ष एडवोकेट शिवमंगल तिवारी ने बताया कि त्यागपत्र की प्रति उन्हें अभी प्राप्त नहीं हुई है। पत्र मिलते ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।