जगदीशपुर (अमेठी)। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी मयूर माहेश्वरी ने बृहस्पतिवार को अचानक अमेठी पहुंचे। उन्होंने जिले के औद्योगिक क्षेत्रों का निरीक्षण कर जिम्मेदारों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया। बचे हुए कार्यों को देखकर बारिश से पहले पूरा कराने को कहा। यूपीसीडा के सीईओ मयूर माहेश्वरी बृहस्पतिवार को सबसे पहले औद्योगिक क्षेत्र त्रिसुंडी पहुंचे। यहां उन्होंने नवनिर्मित ईकाई एसएलएमजी कोका कोला का निरीक्षण करने के बाद औद्योगिक क्षेत्र में 1.13 करोड़ रुपये से बनी दो सड़कों का निरीक्षण किया। साथ ही 11 करोड़ रुपये की लागत से आमंत्रित निविदा के प्रस्तावित कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के बाद बताया कि आमंत्रित निविदा के प्रस्तावित कार्यों को पूरा कर लेने के बाद 70 एकड़ भूमि आवंटन के लिए उपलब्ध होगी। इसके बाद औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर और उतेलवा का निरीक्षण किया।
उतेलवा में 1.98 करोड़ रुपये की लागत से बनी सड़कों का स्थलीय निरीक्षण किया। बताया कि एक माह में बारिश आने से पहले सभी काम को पूरा कर लिए जाए। आवासीय सेक्टर में निर्मित 7.74 करोड़ रुपये की लागत से इंटर लॉकिंग, 2.37 करोड़ की लागत से अन्य सड़क और विकास कार्यों की जानकारी ली। इसके अलावा स्ट्रीट लाइट, हाई मास्क लाइट व नाली आदि की जानकारी ली। औद्योगिक क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व हाई मास्ट लाइट को बढ़ाने का निर्देश दिया।
इस दौरान छूटे पार्कों और निजी संस्थाओं को विकास के लिए दिए गए पार्कों के प्रगति के विषय की जानकारी ली। इस दौरान वरिष्ठ प्रबंधक सिविल राजीव कुमार, प्रबंधक शिविल राजकमल सिंह, अयोध्या मंडल के प्रबंधक केएन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।