अमेठी। बाजार शुकुल थाने में 30 जून को हुई सीमेंट व्यवसायी की हत्या भूमि विवाद में हुई थी। पुलिस ने शुक्रवार को हत्या का ठेका लेने वाले दो शार्प शूटर समेत चार लोगों को पकड़कर आलाकत्ल बरामद कर लिया। दोपहर बाद मामले का खुलासा करते हुए एएसपी ने पूरा घटनाक्रम सामने रखा।
बाजार शुकुल थाने के पूरे बल्दू पांडेय मजरे ऊंचगांव निवासी सीमेंट व्यवसायी राधेश्याम की 30 जून की देर शाम गांव के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई द्वारिका की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच में जुटे बाजार शुकुल एसओ संतोष सिंह व एसओजी प्रभारी विनोद यादव ने मुखबिर की सूचना पर इक्काताजपुर स्थित फायर स्टेशन के पास दो बाइक से जा रहे चार संदिग्धों को धर दबोचा।
पकड़े गए संदिग्धों की पहचान ऊंचगांव निवासी राकेश कुमार, सिधौली गांव निवासी मो असद, मूर्ति का पुरवा गांव निवासी सुफियान और बाराबंकी के सुबेहा थानाक्षेत्र के गांव बलीपुर निवासी स्वामी प्रसाद के रूप में हुई। पकड़े गए राकेश कुमार ने बताया कि मृतक राधेश्याम व उसका भूमि विवाद चल रहा था।
इस विवाद में पिछले दिनों राधेश्याम जीत गया। इसके बाद उसने भूमि पर कब्जा किया। इसी बात से नाराज होकर मैंने अपने मित्र स्वामी प्रसाद की मदद से मो. असद व सुफियान को एक लाख रुपये में हत्या करने के लिए तैयार किया था।
एडवांस लेने के बाद दोनों ने राधेश्याम की हत्या कर दी। सीमेंट व्यवसायी की हत्या में शामिल होने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर आलाकत्ल दो असलहा व तीन कारतूस के साथ घटना में प्रयुक्त बाइक को बरामद कर लिया। शुक्रवार को एसपी कार्यालय सभागार में एएसपी दयाराम सरोज ने पूरा प्रकरण मीडिया के समक्ष रखा।