भादर (अमेठी)। ब्लॉक क्षेत्र में दुर्गापुर-अमेठी मार्ग से डिहवा मार्ग पर आवागमन करने वाले राहगीरों की परेशानी जल्द दूर होने वाली है। जिला पंचायत से मार्ग निर्माण को मंजूरी मिलने के बाद धनराशि भी जारी हो चुकी है। नामित ठेकेदार ने निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया है। सीसी मार्ग बनने से लोगों को आवागमन आसान हो जाएगा।
भादर ब्लॉक क्षेत्र की दो प्रमुख सड़कों को जोड़ने वाले कच्चे मार्ग पर करीब पांच हजार लोग आवागमन करते हैं। मार्ग कच्चा होने से लोगों को बरसात व अन्य मौसम में आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए जिला पंचायत की बैठक में स्थानीय डीडीसी ने मुद्दा उठाया था। इसके बाद सीसी मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर सर्वे कराया गया।
सर्वे के बाद 22.38 लाख रुपये का अनुमानित आगणन तैयार कर प्रस्ताव को वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया था। शासन से प्रस्ताव मंजूर होने के बाद जिला पंचायत को आवंटित 15वें वित्त आयोग से सीसी मार्ग निर्माण के लिए 22.38 लाख रुपये जारी कर दिए गए। धनराशि जारी होने के बाद नामित ठेकेदार ने निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया है। मार्ग का निर्माण कार्य शुरू होने के बाद प्रधानाचार्य नैतिक शुक्ला, गणेश बरनवाल, संतोष गुप्ता सहित क्षेत्रवासियों व अभिभावकों ने खुशी जताई है।
जारी हो चुका है कार्य आदेश
अपर मुख्य अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि सीसी मार्ग निर्माण कार्य में ठेकेदार नामित होने के बाद कार्य आदेश जारी हो चुका है। विभागीय अवर अभियंता की निगरानी में सीसी मार्ग निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा। मार्ग का निर्माण होने से लोगों को आवागमन में सहूलियत होगी।