अमेठी सिटी। जामो ब्लॉक क्षेत्र के वारिसगंज में संचालित एक निजी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों और उधर से गुजरने वाले ग्रामीणों को जल्द ही सड़क की बेहतर सुविधा मिलेगी। जिला पंचायत से मार्ग निर्माण को मंजूरी मिलने के बाद धनराशि भी जारी हो चुकी है। अब जिला पंचायत ने सीसी मार्ग निर्माण की कवायद शुरू कर दी है।
जामो ब्लॉक क्षेत्र के वारिसगंज में संचालित इंटर कॉलेज से गांव तक कच्चा मार्ग होेने के कारण ग्रामीणों के अलावा स्कूली बच्चों को परेशानी हो रही थी। परेशानी को देखते हुए जिला पंचायत की बैठक में स्थानीय डीडीसी ने मुद्दा उठाया था। इसके बाद बैठक में यहां सीसी मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर सर्वे कराया गया। सर्वे के बाद करीब 10 लाख रुपये का अनुमानित आगणन तैयार कर प्रस्ताव को वित्तीय स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया था।
शासन से प्रस्ताव मंजूर होने के बाद जिला पंचायत को आवंटित 15वें वित्त आयोग से सीसी मार्ग निर्माण के लिए करीब 10 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं। निविदा प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। जल्द ही नामित ठेकेदार मानक के अनुसार सीसी मार्ग का निर्माण कार्य पूरा करवाकर विभाग को सूचित करेंगे। सीसी मार्ग का निर्माण पूरा होने के बाद लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
अपर मुख्य अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि सीसी मार्ग के निर्माण कार्य में ठेकेदार नामित होने के बाद कार्य आदेश जारी हो चुका है। विभागीय अवर अभियंता की निगरानी में तीन माह में सीसी मार्ग निर्माण का कार्य पूरा कराया जाएगा। बताया कि निर्माण कार्य में मानक विहीन सामग्री का प्रयोग करने या समय से काम पूरा नहीं करने पर नामित ठेकेदार पर कार्रवाई की जाएगी।