सिंहपुर। शिवरतनगंज के पूरे उमराव मजरे खारा गांव में बृहस्पतिवार रात बारिश के दौरान पशुशाला की कच्ची दीवार ढह गई। मलबे में दबकर मैका देवी (50) के साथ ही एक गोवंश की मौत हो गई।
विज्ञापन
शिवशंकर ने बताया कि रात में हो रही तेज बारिश के कारण मां मैका देवी पशुओं को भीगने से बचाने के लिए पशुशाला गई थीं। उन्होंने दो मवेशियों को निकालकर दूसरे स्थान पर बांध दिया था।
तीसरे मवेशी को निकालने के दौरान ही अचानक कच्ची दीवार गिर गई। दीवार के मलबे में मां और गाय दोनों दब गए। हो-हल्ला सुनकर मौके पर जुटे ग्रामीणों ने मलबा हटाकर महिला व गाय को बाहर निकाला। परिजन मैका देवी को सीएचसी सिंहपुर ले गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।