बाजारशुकुल (अमेठी)। थाना क्षेत्र शेखपुर भड़रा गांव में छह दिन पूर्व अधिवक्ता को बंधक बनाकर अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने तीन पर केस दर्ज कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बाजारशुकुल थाना क्षेत्र के शेखपुर भड़रागांव निवासी अधिवक्ता कालूराम निषाद मुसाफिरखाना तहसील में वकालत करते हैं। पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि 17 अगस्त की सुबह घर से तहसील के लिए निकले थे कि गांव के बाहर मनरेगा का कार्य चल रहा था। स्वयं को प्रधान प्रतिनिधि बताने वाले गांव के ही मोहम्मद आरिफ ने दो अन्य साथी मोहम्मद तालिब व सदरूद्दीन के साथ रोक कर मोटरसाइकिल की चाबी व मोबाइल छीन लिया। अपने घर ले जाकर एक घंटे तक बंधक बनाए रखा।
मोबाइल मिलने के बाद पुलिस को फोन किया। 112 पुलिस पहुंचने के बाद उक्त लोगों ने छोड़ा। पीड़ित अधिवक्ता की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो बार एसोसिएशन अध्यक्ष के साथ वकीलों ने एसडीएम व सीओ को ज्ञापन सौंपा। पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसओ दयाशंकर मिश्रा ने बताया कि मामले में जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।