अमेठी सिटी। गौरीगंज उपकेंद्र में विद्युत विभाग ने बुधवार को बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान बरना टीकर फीडर के अंतर्गत तीन लोगों के कनेक्शन काटे गए और मुकदमा दर्ज कराया गया। अवर अभियंता ऋषि गुप्ता के नेतृत्व में टीम के साथ निविदाकर्मी हिमांशु, राजकुमार, अमर सिंह मौजूद रहे।
घरेलू विद्युत बकाए पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत घरों को चेक किया गया। जिसमें दो लोगों का बिल न जमा करने की वजह से मार्च में कनेक्शन काट दिया गया था। इसके बावजूद बिजली का उपयोग कर रहे थे। धनापुर निवासी इंद्रपाल का 53 हजार रुपये बकाया था। वहीं, अर्जुनपुर निवासी चंद्रभान का 52 हजार रुपये बकाया था। इन दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसके अलावा अनी बैजल निवासी कमलेश बिना कनेक्शन के बिजली का उपयोग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान पकड़े जाने पर इन पर भी मुकदमा दर्ज कराया गया है। इसके साथ ही छह लाख बकाया राजस्व की वसूली की गई और लोगों की शिकायतों का निस्तारण किया गया।