अमेठी सिटी। मोहनगंज क्षेत्र की रहने वाली शालिनी यादव ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, शारीरिक प्रताड़ना और जान से मारने प्रयास का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर मोहनगंज थाना पुलिस ने पति सहित छह पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शालिनी यादव के मुताबिक, उनकी शादी दो दिसंबर, 2022 को लखनऊ के आलमबाग स्थित कैलाशपुरी निवासी विष्णु कुमार यादव के साथ हुई थी। उन्होंने बताया कि शादी में कार, करीब 15 लाख रुपये के गहने, और अन्य सामान मिलाकर लगभग 40 लाख रुपये का दहेज दिया गया था। शादी के कुछ समय बाद से ही पति विष्णु कुमार यादव, ससुर तेज बहादुर यादव, सास सीता देवी, ननद संगीता यादव और नंदोई सतीश यादव लगातार पैसों की मांग करने लगे और मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। शालिनी का आरोप है कि एक बार उनपर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की गई, लेकिन वह बाथरूम में छिपकर किसी तरह जान बचा सकीं।
आरोप है कि जब-जब नंदोई सतीश यादव घर आता, उन्हें गाली-गलौज और मारपीट का सामना करना पड़ता। बताया कि 24 मई, 2024 को उन्हें घर से निकाल दिया गया। इससे पहले भी उनके भाई से 17 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं और तनाव के चलते ब्लड प्रेशर और किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं। मोहनगंज इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज किया गया है, जांच की जा रही है।