अमेठी सिटी। मवेशी से फसल को बचाने के लिए खेत में लगाए तार में प्रभावित करंट की चपेट में आने से एक जून को दो वन रोज की मौत हो गई। वन रोज की की मौत के बाद ग्रामीणों की शिकायत और डीएम के निर्देश पर वन विभाग ने वन रोज के शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद खेत मालिक किसान के खिलाफ केस दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र के पितांबरपुर मजरे दुलापुर कला में एक जून को किसान के खेत के चारों तरफ घेरे गए तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से दो वन रोजों की मौत हो गई थी। इसकी सूचना ग्रामीण ने डीएम को दी गई तो सूचना के बाद पहुंचे पशु पालन और वन विभाग की टीम ने जांच पड़ताल करने के बाद दोनों वन रोजों के शव को जेसीबी से दफन करवा दिया गया।
कार्रवाई नहीं होने से नाराज गांव निवासी महेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य ग्राम वासियों ने बुधवार को डीएम को शिकायती पत्र देकर वन रोजों का पोस्टमार्टम करवाते हुए कार्रवाई करने की मांग की।
ग्रामीणों की शिकायत पर डीएम निशा अनंत ने प्रभागीय वनाधिकारी रणवीर मिश्र को जांच करवाते हुए कार्रवाई की बात कही। डीएम के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने मिट्टी में दफन किए गए नील गाय शवों को निकलवाकर पशु विभाग के डाक्टरों से पोस्टमार्टम कराने के बाद खेत मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। डीएफओ रणवीर मिश्र ने बताया कि खेत मालिक पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।