अमेठी सिटी। रंजिश में कुछ दबंगों ने एक परिवार ही पर पिछले कई माह में तीन बार हमले किए। घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज सहित जेवर व नकदी छीन ली। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई, लेकिन इंसाफ नहीं मिला। हार-थक पर पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। तब कोर्ट के आदेश से मंगलवार को अमेठी पुलिस ने पांच नामजद सहित सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया।
अमेठी इलाके के दलशाहपुर कोहरा गांव निवासी प्रवीन कुमार अग्रहरि ने दर्ज एफआईआर में कहा कि 30 जनवरी को परिवार की एक लड़की घर के बाहर बैठी थी। तभी गांव निवासी राजेंद्र विश्वकर्मा की बेटी चांदनी उसके परिवार की लड़की से गाली-गलौज करने लगी। जब परिवार के लोग पहुंचे तो मामला शांत कराया। कुछ देर बाद राजेंद्र विश्वर्मा, उसकी पत्नी रामरती, बेटी चांदनी, उसके परिवार के गुड्डू, शिवम् व दो अज्ञात लोग उसके घर घुसकर परिवार के साथ मारपीट की। महिलाओं के कुछ जेवर लेकर भाग गए। घटना उसके परिवार के साथ तीन बार हुई।
आरोप है कि जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की गई। कोई कार्रवाई नहीं हुई। थाने से लेकर एसपी तक से कार्रवाई की मांग की, लेकिन वहां से भी न्याय नहीं मिला। उल्टे उसके खिलाफ आरोपी पक्ष की शिकायत पर कार्रवाई हुई। थक हार पीड़ित ने न्यायालय से इंसाफ की गुहार लगाई। कोर्ट के आदेश से पुलिस ने मंगलवार को केस दर्ज किया। पुलिस का दावा है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।