जगदीशपुर (अमेठी)। लखनऊ-वाराणसी फोरलेन हाईवे पर रविवार सुबह कमरौली क्षेत्र के सिरियारी मोड़ के पास दिल्ली से वाराणसी जा रही कार गलत दिशा से आ रही पिकअप की चपेट में आकर अनियंत्रित हो गई और पास में चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। दुर्घटना में कार सवार पांच और ट्रैक्टर सवार दो लोग घायल हो गए।
सागरपुर पालम एयरपोर्ट दिल्ली निवासी सोम प्रकाश (48), फरीदाबाद के सुंदर कॉलोनी निवासी राज किशोर झा (32), सुबोध मिश्रा (35), धीरू झा (38), पालम गोला डेयरी निवासी जय सिंह चौहान (39) कार से दिल्ली से वाराणसी काशी विश्वनाथ दर्शन के लिए जा रहे थे। रविवार को जगदीशपुर क्षेत्र से गुजरने वाले लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर कार पहुंची थी, तभी गलत दिशा से आ रही पिकअप की चपेट में आकर कार अनियंत्रित हो गई और पास में चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
हादसे में कार सवार पांच लोगों के साथ ही ट्रैक्टर सवार राजापुर नौडाड निवासी अब्दुल मोइद खां (53) और उनका बेटा एकलाख अहमद उर्फ सोनू (27) भी घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर भेजा गया। डॉक्टरों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया और तीन की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि घायलों का उपचार जारी है। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से भाग निकला, जिसकी तलाश की जा रही है। घायलों के परिजनों को सूचना दी गई है।