बाजार शुकुल (अमेठी)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन संख्या-44 के पास बृहस्पतिवार की दोपहर टायर फटने से दिल्ली से अयोध्या जा रही कार डिवाइडर से टकरा गई। इसमें छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों काे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के मुताबिक घायलों की हालत खतरे से बाहर है। स्थानीय पुलिस घटनास्थल बाराबंकी जिले से जुड़ा बता रही है।
अयोध्या जिले के इनायतनगर थाने के पूरे बिरवल गांव निवासी सुचित (35) परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। बृहस्पतिवार को कार से पिता तारकनाथ (70), पत्नी बबिता(30), बेटा उत्कर्ष (5), बेटी आराध्या (8) और अमन मिश्र (23) के साथ दिल्ली से अयोध्या घर आ रहा था।
बृहस्पतिवार की दोपहर में जब उसकी कार पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन संख्या-44 के पास पहुंची तो अचानक कार का टायर फट गया। जिससे कार डिवाइडर से टकरा गई। कार में सवार सभी लोगों को चोटें आईं। सुचित के सिर में चोट लगी है। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के सुरक्षा से जुड़े कर्मी तत्काल मौके पर पहुंच गए। घायलों को सीएचसी बाजार शुकुल लाया गया। यहां पर प्राथमिक उपचार किया गया। डॉ. रमाकांत ने बताया कि घायलों का इलाज कर दिया गया है। सभी खतरे से बाहर हैं। सभी को घर भेज दिया गया है।
एसओ बाजार शुकुल अवनीश चौहान का कहना है कि घटनास्थल उनके जिले में नहीं है। जिस जगह पर हादसे की बात बताई जा रही है, वह बाराबंकी जिले में आता है।
कोहरे के कारण धीमी थी रफ्तार
- बृहस्पतिवार को दिन भर कोहरा छाया रहा। इसके कारण कार की रफ्तार भी धीमी थी। एक्सप्रेस वे की सुरक्षा से जुड़ी टीम के सदस्यों की मानें तो यदि गति अधिक होती तो टायर फटने के बाद बड़ा हादसा हो सकता था।