बाजार शुकुल (अमेठी)। बिहार से दिल्ली जा रहे एक परिवार की कार रविवार रात जगदीशपुर इलाके में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक वाहन से टकराने के बाद डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में कार सवार एक मासूम बच्ची सहित चार लोग जख्मी हो गए। घायलों को सीएचसी बाजार शुकुल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
दिल्ली की बुद्ध विहार कॉलोनी निवासी संजय कुमार (45), मदन सिंह (60), सिमरन (22) व काव्य (तीन वर्ष) किसी काम से बिहार गए थे। वहां से ये लोग अपनी कार से दिल्ली लौट रहे थे। कार को संजय चला रहे थे। जगदीशपुर इलाके में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मटियारी कलां गांव के पास देर रात करीब साढ़े तीन बजे इनकी कार अनियंत्रित होकर एक अज्ञात वाहन से टकराने के बाद डिवाइडर में जा भिड़ी।
बताते हैं कि चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित हुई थी। इस हादसे में कार सवार सभी चारों लोग जख्मी हो गए। जानकारी होने पर इन लोगों को यूपीडा की एंबुलेंस से बाजार शुकुल सीएचसी लाया गया। एसओ तनुज कुमार पाल ने बताया कि सभी घायलों की हालात सामान्य है। सभी को इलाज के बाद घर भेज दिया गया।