जामो (अमेठी)। थाना क्षेत्र में जायस-जगदीशपुर मार्ग पर कपासी गांव के पास सोमवार को कार ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत हो गई।
जामो थाना क्षेत्र के भीमगढ़ मजरे कपासी गांव निवासी रामसुख (70) सोमवार को साइकिल से बाबानगर चौराहे जा रहे थे। तभी गांव के समीप से गुजरने वाले जायस-जगदीशपुर मार्ग पर कार ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में रामसुख घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए घायल को जगदीशपुर स्थित ट्राॅमा सेंटर पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों को सूचित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसएचओ विनोद सिंह ने बताया कि रायबरेली जिले के परसदेपुर थाना क्षेत्र के डीह गांव निवासी कार चालक शहनवाज को कार सहित हिरासत में लिया गया है। परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।