अमेठी सिटी। जिले के चारों नगर निकायोें और प्रमुख कस्बों में अतिक्रमण व जाम की समस्या दूर करने को लेकर अभियान चलेगा। बाजार में लगने वाली विभिन्न मंडियों को सुव्यवस्थित करने पर पहल होगी। चेतावनी के बाद दोबारा अतिक्रमण मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई होगी। जिला प्रशासन के साथ जिम्मेदार इस पर पहल करेंगे।
जिले में गौरीगंज व जायस नगर पालिका तथा अमेठी और मुसाफिरखाना नगर पंचायत हैं। इसके अलावा रामगंज, भादर, टीकरमाफी, मुंशीगंज, शाहगढ़, जगदीशपुर, कमरौली, इन्हौना, फुरसतगंज, बहादुरपुर व मोहनगंज प्रमुख कस्बाई इलाकों में शुमार हैं। इन निकायों व कस्बों में हालात यह हैं कि सभी मुख्य मार्ग व अन्य मार्ग की पटरियां अतिक्रमण की शिकार हैं। पटरियों पर स्थायी व अस्थायी दुकानदारों का कब्जा है। तो यहां खरीददारी के लिए आने वाले ग्राहक मार्ग पर अपने वाहन खड़ा कर देते हैं।
ऐसे में जाम की समस्या भीषण हो जाती है। वहीं, इन बाजारों में फल मंडी, गुड मंडी, सब्जी मंडी, चिक मंडी, दाल मंडी सहित अन्य मंडियां व्यवस्थित नहीं हैं। ऐसे में सड़कों पर ही यह मंडियां लगती हैं। इसके अलावा निजी सरकारी कार्यालयों, मैरिज हॉल व लॉन, मॉल, होटल, रेस्टोरेंट, कोचिंग संस्थान सहित अन्य दुकानों व संस्थानों में पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से सड़कों पर वाहन खड़े होते हैं। ऐसे में जाम लगने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। इन सभी मुद्दों को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसे अधिकारियों ने संज्ञान में लिया है।
बोले जिम्मेदार, बैठक कर बनाई जाएगी कार्ययोजना
नगर पंचायत अमेठी ईओ अभिनव यादव ने कहा कि अतिक्रमण खाली कराने को लेकर अभियान चलाया जाएगा। मंडियों, अवैध टैक्सी स्टैंड व सार्वजनिक पार्किंग आदि के लिए बैठक में कार्ययोजना तैयार कर भूमि चिह्नित कराई जाएगी। नगर पालिका जायस व नगर पंचायत मुसाफिरखाना प्रभारी ईओ रवींद्र मोहन ने बताया कि पूर्व में डीएम के निर्देश पर एक दिन अभियान चलाया गया था। सभी को नोटिस जारी कर अतिक्रमण को स्वयं हटाने को कहा गया है। अतिक्रमण नहीं खाली करने वालों के विरुद्ध अभियान चलेगा। मंडियों को सुव्यवस्थित करने के लिए अध्यक्ष के साथ बैठक कर कार्ययोजना बनाई जाएगी।
सभी एसडीएम व ईओ को दिए गए निर्देश
डीएम निशा अनंत ने कहा कि बीते रविवार को सभी नगर निकायों व कस्बों में अतिक्रमण खाली कराने के लिए अभियान चला था। सभी एसडीएम और ईओ को निर्देश दिया गया है कि अस्थायी दुकान को बगैर नुकसान के अतिक्रमण हटवाएं। साथ ही जो स्थायी दुकान हैं, उन्हें नोटिस जारी कर समय देते हुए अतिक्रमण खाली करवाएं। मंडियों को सुव्यवस्थित करने के लिए संबंधित एसडीएम को भूमि उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। बाजार के आसपास भूमि चिह्नित कर वेंडिंग जोन बनवाया जाएगा। पार्किंग आदि के संबंध संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जाने की बात कही है।
पुलिस को दिए गए निर्देश
एसपी अनूप सिंह ने कहा कि जाम न लगे, इसको लेकर थाना व ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। बताया कि अभी कुछ दिन पहले अभियान चलाया गया था। सड़कों पर अतिक्रमण व जाम की समस्या न हो, इसके लिए सभी थानाध्यक्षों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। कहा कि जल्द ही स्थानीय प्रशासन के साथ जल्द ही फिर अभियान चलाया जाएगा।