अमेठी सिटी। जिला मुख्यालय के बगल स्थित डेढ़ किलोमीटर लंबा बाईपास इन दिनों गड्ढों में तब्दील हो गया है। बाईपास से प्रतिदिन 50 हजार से अधिक राहगीर अपनी जान जोखिम में डालकर आवागमन करते थे। रविवार को अमर उजाला ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो विभाग के अफसरों की नींद टूटी। सुबह से ही बाईपास की पैचिंग का कार्य शुरू करा दिया गया।
शहर में जाम की समस्या कम करने के लिए गौरीगंज-प्रतापगढ़ मार्ग और बांदा-टांडा हाईवे को जोड़ने के लिए टिकरिया स्थित महिला थाना के पास से डेढ़ किलोमीटर लंबा बाईपास बनाया गया है। इसकी मरम्मत और रखरखाव की ओर ध्यान नहीं देने के कारण सड़क पर गड्ढों की भरमार हो गई है। जगह-जगह सड़क धंस गई है। स्थानीय लोगों व राहगीरों की समस्याओं को देखते हुए अमर उजाला ने रविवार को 1.5 किमी सड़क पर 350 गड्ढे शीर्षक के साथ इस खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया।
इसके बाद लोक निर्माण विभाग के अफसर सक्रिय हुए। रविवार सुबह सामग्री गिराई गई। मजदूरों के माध्यम से गड्ढों के भरने का कार्य शुरू कर दिया गया है। विभाग के अफसरों की मानें तो बारिश बंद होने के बाद पक्का काम कराया जाएगा। पीडब्ल्यूडी के जेई साहिबा खान ने बताया कि बाईपासके गड्ढों की भराई कराई जा रही है। बारिश बंद होने के बाद पक्का कार्य कराया जाएगा।