जगदीशपुर। ई फार्मेसी और ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में बुधवार को दवा कारोबारी सड़क पर उतर आए। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर कई मेडिकल स्टोर बंद रहे और व्यापारियों ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई।
जिला औषधि विक्रेता संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री से छोटे मेडिकल स्टोर संचालकों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। बिना डॉक्टर की सलाह दवाएं मिलने से लोगों की सेहत पर खतरा बढ़ रहा है। व्यापारियों ने बड़ी कंपनियों पर भारी छूट देकर बाजार पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया।
जिला अस्पताल के आसपास कुछ मेडिकल स्टोर बंद रहे और व्यापारियों ने नारेबाजी की। हालांकि जिले में बंदी का असर पूरी तरह नहीं दिखा। कई अस्पतालों के सामने मेडिकल स्टोर खुले रहे। बाजारों और कस्बों में भी अधिकतर दुकानें सामान्य दिनों की तरह संचालित होती रहीं।
जिला महामंत्री विकास माहेश्वरी ने कहा कि ई फार्मेसी पर सख्त नियम लागू नहीं हुए तो छोटे दवा कारोबारियों के सामने संकट गहरा जाएगा। उन्होंने सरकार से ऑनलाइन दवा बिक्री पर कड़ी निगरानी की मांग उठाई।