अमेठी। कस्बा से गुजरने वाले लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार अलसुबह अज्ञात वाहन ने मॉर्निंगवॉक पर निकले व्यवसाई को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में घायल व्यवसाई को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
व्यवसाई की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिवारीजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ केस दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम कराते हुए जांच शुरू कर दी है।
जगदीशपुर थानाक्षेत्र के हरपालपुर गांव निवासी विक्रम सिंह उर्फ भोलू (28) मुसाफिरखाना कस्बे में बैटरी की दुकान करते थे। बुधवार सुबह विक्रम सिंह मॉर्निंग वॉक पर लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे गए थे। इसी दौरान शारदा सहायक खंड नहर पुल के समीप अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
दुर्घटना में विक्रम गंभीर रुप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद पहुंचे लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को देते हुए विक्रम को सीएचसी मुसाफिरखाना पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विक्रम के मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पिता रमेश बहादुर की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद वाहन व चालक की तलाश शुरू कर दी है। विक्रम की मौत के बाद परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक परशुराम ओझा ने बताया कि जल्द ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।