अमेठी सिटी। गांव चलो अभियान के तहत शनिवार और रविवार को बसपा नेताओं ने गांवों में बैठक कर बूथ कमेटियों का पुनर्गठन किया। जिलाध्यक्ष सुरेश कमल ने तिलोई और गौरीगंज विधानसभा क्षेत्र में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि संविधान के नाम पर भाजपा सहित अन्य दल झूठी राजनीति कर रहे हैं। लोगों को गुमराह कर जाति व धर्म की राजनीति कर सत्ता का गलत उपयोग कर रहे हैं। इसके साथ ही गांवों में जनसंपर्क कर पार्टी की उपलब्धियां गिनाईं। जोन इंचार्ज कमलेश कुमार ने अमेठी विधानसभा के कोरारी गिरधरशाह सेक्टर के भगवानपुर गांव में बैठक की। इस दौरान बूथ कमेटी का गठन करते हुए जोन इंचार्ज ने सर्वसमाज को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया।
गौरीगंज के नेवादा किशुनगढ़ में विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष धर्मराज कोरी ने बैठक कर बूथ कमेटियों का पुनर्गठन किया। इस दौरान सेक्टर अध्यक्ष राजकरन, सेक्टर सचिव ललित आदि मौजूद रहे। धर्मराज ने कहा कि पार्टी के रास्ते में रोड़े अटकाने के लिए भाजपा और कांग्रेस की ओर से फंडिंग करके खड़े किए गए राजनीतिक दलों की असलियत जनता के सामने आ गई है।
भादर के सारीपुर में विधानसभा क्षेत्र सचिव राम केवल, संग्रामपुर के भावलपुर व ठेंगहा में जोन इंचार्ज शमशेर बौद्ध ने बूथ कमेटियों का पुनर्गठन किया। वहीं, जायस में भी सेक्टर व बूथ कमेटियों का गठन किया गया। इस दौरान राम हौसिला सोनकर, शकील अहमद, राहुल जाटव, बाबू लाल गौतम आदि मौजूद रहे।