अमेठी सिटी। प्रयाग में महाकुंभ के प्रमुख पर्व वसंत पंचमी पर स्नान व दर्शन की आस लेकर अलग-अलग स्टेशन पहुंचे यात्रियों को निराश होना पड़ा। लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर निरस्त रही तो छोटे स्टेशन के यात्रियों को अमेठी व गौरीगंज पहुंचना पड़ा। यहां पहुंचने के बाद करीब आठ घंटे देरी से आई योगनगरी एक्सप्रेस की भीड़ भी उनके उत्साह को कम नहीं पाई। भीड़ के बीच श्रद्धालु गंगा मैया के जयकारों के बीच प्रयागराज के लिए रवाना हुए।
प्रयागराज महाकुंभ के सबसे बड़े पर्व वसंत पंचमी पर गंगा स्नान व दर्शन हर किसी के दिल की आस है। बुजुर्ग, महिलाएं, युवा व बच्चे भी महाकुंभ जाने के उत्साह में रेलवे स्टेशन की तरफ चल पड़े। शनिवार को बनी, गौरीगंज, तालाखजुरी, अमेठी, मिसरौली, रामगंज, पीपरपुर, सहजीपुर रेलवे स्टेशन पर आस्था का सैलाब दिखा, लेकिन जब श्रद्धालुओं को पता चला कि लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर ट्रेन शनिवार को निरस्त है तो परेशानी बढ़ गई। इसके बाद भी उत्साह फीका नहीं पड़ा। गौरीगंज स्टेशन पहुंचे लोग हरिद्वार-योगनगरी एक्सप्रेस की प्रतीक्षा करने लगे।
गौरीगंज स्टेशन पर मौजूद बुजुर्ग रामादेई ने आरपीएफ कर्मी को देख पूछा कि भैया पैसेंजर आज न आए का, कुंभ नहाय जाए का अहै। बुजुर्ग की बात सुनकर मुस्कराते हुए आरपीएफ कर्मी ने कहा कि अम्मा पैसेंजर तो न आई, लेकिन योगनगरी आ रही है उससे जाएं और गंगा नहाएं। गौरीगंज स्टेशन पर हरिद्वार-प्रयागराज संगम योगनगरी एक्सप्रेस आठ घंटे देरी से 11:35 बजे पहुंची। श्रद्धालु ट्रेन के साधारण कोच संग स्लीपर कोच में भीड़ के बीच चढ़ने की कोशिश करने लगे। आलम यह रहा है कि ट्रेन को करीब पांच मिनट अतिरिक्त समय तक रोकना पड़ा।
गौरीगंज रेलवे स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि प्रयागराज संगम यात्रा के लिए इन दिनों लोगों की भीड़ उमड़ रही है। लोगों के ट्रेन में सवार होने के बाद ही सुरक्षा व संरक्षा नियमों के बीच ट्रेनों को प्रस्थान का सिग्नल दिया जाता है।