अमेठी। शिवरतनगंज थाने के मिल्कियाना मोहल्ले से 27 मई को गायब युवक का शव तीन दिन बाद मोहनगंज थाना क्षेत्र में पाया गया था। मामले के खुलासे में जुटी पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर युवक की हत्या में शामिल मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी ने बताया कि युवक ने उसकी बहन के साथ अभद्रता की थी।
थाना क्षेत्र शिवरतनगंज के मिल्कियाना मोहल्ला निवासी लाल मिया का पुत्र दाऊद 27 मई की शाम किसी का फोन आने पर उससे मिलने निकला था। काफी समय बीतने के बाद परिवारीजनों ने उसे ढूंढने की की कोशिश की लेकिन कहीं पता नहीं चलने पर 28 मई को शिवरतनगंज थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
30 मई को दाऊउ का शव मोहनगंज थाना क्षेत्र में पाया गया था। शव मिलने के बाद एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने खुलासे के लिए सर्विलांस सेल समेत तीन टीमें गठित की थी। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को गुरुवार देर शाम मुखबिर ने दाऊद की हत्या में शामिल लोगों के कार से जाने की सूचना दी।
सूचना पर सक्रिय संयुक्त टीम ने देर शाम हनुमानगंज चौराहे पर पहुंची कार को रोककर उसमें सवार पांच लोगों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान कार में मिले एक युवक के पास से घटना में प्रयुक्त पिस्टल व दो कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान रायबरेली के थाना शिवगढ़ के गांव रामपुर टिकरा निवासी बृजेश पांडेय, पूरे गुलाब सिंह निवासी शिवम, थाना महराजगंज के गांव हलोर निवासी अमन सिंह व शादाब तथा काकेपुर निवासी बृजेंद्र सिंह के रूप में हुई।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि दाऊद ने शादाब की बहन के साथ अभद्रता की थी। इसी के बाद इन लोगों ने मिलकर योजना बनाने के बाद दाऊद को फोनकर बाजार में बुलाया। इन्हौना से कार पर बैठाकर मोहनगंज थाना क्षेत्र की एक बाग में ले जाकर गोली मारकर हत्या कर दी। बृजेश ने हत्या के समय शादाब के वहां मौजूद नहीं होने की बात कही है। पुलिस ने सभी आरोपियों का चालान न्यायालय भेज दिया।