शाहगढ़ (अमेठी)। मुंशीगंज के रामदयपुर में रविवार की रात बरामदे में सो रहे देवर-भाभी पर अज्ञात लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसमें घायल देवर की मौत हो गई, जबकि भाभी की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया है। अभी घटना की कोई खास वजह सामने नहीं आ सकी है। प्रकरण के खुलासे के लिए पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया है।रामदयपुर निवासी 58 वर्षीय राम सजीवन और 55 वर्षीय बड़ी भाभी धनराजी घर के बरामदे में सो रहे थे। देर रात करीब डेढ़ बजे बदमाशों ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। चीख सुनकर जब परिजन बाहर आए तो देखा कि रामसजीवन व धनराजी घायल पड़े थे। शरीर पर कई वार किए गए थे। इससे अफरा-तफरी मच गई।
परिजन घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने राम सजीवन को मृत घोषित कर दिया। धनराजी की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। वहां उनका इलाज चल रहा है। मृतक के बेटे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
बेटे ने रंजिश में जताई हत्या की आशंका
बेटे सुनील का कहना है कि उसे शंका है कि दूसरी बिरादरी की लड़की से शादी के कारण रंजिश में उसके पिता की हत्या की गई है। इसके अलावा किसी और से उसकी कोई रंजिश नहीं है। एसओ अखंडदेव मिश्र का कहना है कि बेटे की इस शंका के आधार पर पड़ताल की जा रही है। हालांकि अभी तक कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है।
खेती करता था राम सजीवन
मृतक राम सजीवन खेती करता था। उसके तीन बेटे हैं। बड़ा बेटा सुनील घर पर रहता है। जबकि दूसरे नंबर पर अर्जुन शिक्षक है। वहीं, विपिन ने परास्नातक की परीक्षा पास की है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहा। हर कोई घटना को लेकर हतप्रभ दिखा।
मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गांव में पुलिस टीमों को लगाया गया है। प्रकरण के खुलासे के लिए एसओजी सहित तीन टीमों को लगाया गया है। कॉल डिटेल के साथ ही अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है। परिजनों ने शादी वाले मामले की जानकारी दी है, इस पर भी जांच हो रही है।
- डॉ. इलामारन जी, एसपी